सिकंदराबाद। अनियंत्रित बाइक के पोल से टकराने के कारण ककोड़ क्षेत्र के गांव रोनी निवासी मोहित भाटी (28वर्ष) की मौत हो गई। मोहित की सड़क हादसे में मौत की सूचना से उनके परिवार में मातम छा गया। रविवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर किया गया।
परिजनों ने बताया कि मोहित किसी कार्य से सिकंदराबाद गए थे। शनिवार की रात में वह बाइक से गांव लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि रात करीब नौ बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव दुल्हैरा में बाइक सवार के सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। घायल को उपचार के लिए सिकंदराबाद के सरकारी अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पास मिले कागजात के आधार के पर उसकी शिनाख्त ककोड़ क्षेत्र के गांव रोनी निवासी मोहित भाटी के रूप में हुई। बताया गया कि गांव दुल्हैरा में तीव्र मोड़ पर अचानक बाइक अनियंत्रित होने के कारण पोल से टकरा गई, जिससे हादसा हुआ। मोहित तीन बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। वह गांव में खेतीबाड़ी करते थे। 11 महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।