खुर्जा जेवर मार्ग पर रविवार सुबह छाया कोहरा। संवाद
बुलंदशहर। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं और मैदानी इलाकों में छाए घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है। दृश्यता कम होने के कारण हाईवे और संपर्क मार्गों पर दुर्घटनाओं का अंदेशा बढ़ गया है। ऐसे में सुरक्षित सफर के लिए जनपद पुलिस ने सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा अभियान के तहत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें वाहन चालकों को कोहरे के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति सचेत किया गया है।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अक्सर लोग चलते वाहन में चारो इंडिकेटर जला देते हैं, जो गलत है। इससे पीछे वाले वाहन को मुड़ने का भ्रम हो सकता है। वाहन की हेडलाइट को हमेशा लो-बीम पर रखें, क्योंकि हाई-बीम कोहरे में रोशनी को फैला देती है जिससे सामने देखना और मुश्किल हो जाता है। यदि वाहन खराब हो जाए तो उसे सड़क किनारे पार्क कर हेजार्ड लाइट ऑन करें और चेतावनी चिन्ह लगाएं। किसी भी दुर्घटना या आपातकाल की स्थिति में टोल-फ्री नंबर 112 या 108 पर सूचना दें। साथ ही बुलंदशहर के कंट्रोल रूम हेल्प-लाइन नंबर 9454403177, 9454417433 और खुर्जा के कंट्रोल रूम नंबर 8006406811 पर कॉल कर सकते हैं।
हादसों से बचने के लिए पुलिस के सुरक्षा सूत्र
- अपनी लेन में चलें, ओवरटेकिंग से बचें और सड़क की बाईं ओर की सफेद पट्टी को गाइड की तरह इस्तेमाल करें।
- सुरक्षित दूरी यानि एक वाहन से दूसरे के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखें, जिससे अचानक ब्रेक लगने पर बचाव हो सके।
- म्यूजिक बंद रखें जिससे अन्य वाहनों के हॉर्न सुनाई दे सकें। कोहरे में आंखों से ज्यादा कानों का इस्तेमाल करें।
- ट्रैक्टर-ट्रॉली और व्यावसायिक वाहनों पर मानक के अनुसार रेडियो रिफ्लेक्टिव टेप जरूर लगवाएं।