सलमेपुर क्षेत्र में मेरठ बदायूं मार्ग पर लगा जाम। संवाद
शिकारपुर। मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर रविवार को गोवंश को बचाने के प्रयास में दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद एक ट्रक बीच सड़क पर खराब होकर खड़ा हो गया, इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत और क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सलेमपुर थाना क्षेत्र के कैलावन बिजली घर के पास रविवार सुबह एक गोवंश को ट्रक ने टक्कर मार दी। गोवंश के घायल होने पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
भिड़ंत इतनी भीषण थी कि पिछला ट्रक बीच सड़क पर ही खराब हो गया। हादसे को देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घायल गोवंश को सड़क किनारे कर उसकी टूटी टांग का प्राथमिक उपचार किया। इस बीच, हाईवे पर जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वन-वे व्यवस्था लागू कर छोटे वाहनों को निकाला। बाद में बुलंदशहर से क्रेन मंगाकर खराब ट्रक को सड़क से हटाया गया, इसके बाद करीब 90 मिनट बाद आवागमन सामान्य हो सका।