बुलंदशहर। जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे है। अब एक पुलिसकर्मी समेत दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद डेंगू के कुल केस 72 हो गए हैं। मरीज मिलने पर टीम ने घर पहुंचकर शिविर लगाने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। मलेरिया के अभी तक 43 केस और चिकनगुनिया के तीन केस मिल चुके हैं।
मौसम बदलने के बाद भी जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे है। पिछले तीन दिन में दो लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक नगर निवासी 36 वर्षीय विपिन कुमार और दूसरा 27 वर्षीय रीता के बुखार होने पर परिजनों ने निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां बुखार न उतरने पर डेंगू की जांच की गई।
दोनों की निजी लैब पर डेंगू की जांच पॉजिटिव आई है। युवक पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। दोनों मरीज फिलहाल स्वस्थ हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज भी हो गए। डेंगू पॉजिटिव मिलने पर मलेरिया विभाग की टीम घर पहुंची। डेंगू पॉजिटिव मरीज के घर एवं गांव में जांच कर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। साथ ही ग्रामीणों को डेंगू से बचाव को लेकर उपाय बताए। इसके अलावा बीमार पीड़ितों को दवा का वितरण कराया गया। विभागीय अफसरों के अनुसार जिले में अभी तक डेंगू के कुल 72 मामले सामने आ चुके है, इनमें नगर निवासी एक महिला की डेंगू से मौत हो चुकी है। साथ ही मलेरिया के 43 और चिकनगुनिया के तीन केस मिल चुके है।
जिले में डेंगू के दो नए मरीज मिले है। इनमें एक महिला और दूसरा मरीज पुलिस कर्मी है। डेंगू मरीज मिलने पर मलेरिया विभाग की टीम को भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओ