संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर गांव में रविवार को गली के बाहर सीसीटीवी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष के आठ और दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गए। इसमें नौ वर्षीय बच्ची समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मीरपुर गांव निवासी जाविद ने बताया कि उनके घर से 150 मीटर दूर गली के अंदर रहने वाले पड़ोसी ने अपने घर के बाहर सीसीटीवी लगवाए हुए हैं। एक कैमरा गली के बाहर उनके घर की ओर लगाया हुआ है। इस बात को लेकर पीड़ित ने कैमरा का फोकस दूसरी तरफ करने को बोला। इस बात पर पीड़ित का पड़ोसी से विवाद हो गया। कुछ देर में दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसमें पड़ोसी व उसके परिवार के चार-पांच लोगों ने पीड़ित की पिटाई कर दी।
कुछ देर बाद पीड़ित को बचाने के लिए समीर, अनस व असरफ आ गए। आरोपियों ने डंडे, फरसा और लोहे की रॉड से पीड़ितों को पीटना शुरू कर दिया। दोनों पक्ष से से करीब 15 से 20 लोग आपस में भिड़ गए। वहीं, ग्रामीणों ने बीच-बचाव करना शुरू कर दिया। इसमें पीड़ित पक्ष के लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। इसमें जाविद की नौ वर्षीय बेटी माहीन भी घायल हो गई। वहीं पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों को जटिया अस्पताल पहुंचाया, जिसमें बच्ची माहीन, समीर, अनस और तीन अन्य को अलीगढ़ मेडिकल के लिए रेफर किया गया है।
सीओ वरुण कुमार का कहना है कि मामले में तहरीर मिली है। इसमें दोनों पक्षों के लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों पक्षों से वार्ता की जा रही है। आरोपियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।