शिकारपुर। शिकारपुर में बाराखंभा चौराहे के पास पुलिस ने क्षमता से अधिक भैंसें लादकर ले जा रही दो पिकअप पकड़ीं। दोनों वाहनों में कुल 10 भैंसें ठूंस-ठूंसकर भरी थीं। इनमें दो भैंसें मृत और आठ जीवित मिलीं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि 14 सितंबर को डिबाई-बुलंदशहर रोड पर चेकिंग के दौरान दोनों पिकअप से गोबर और खून टपकता दिखाई देने पर पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान एक वाहन में सात और दूसरे में तीन भैंसें मिलीं। वाहनों की क्षमता दो-दो पशुओं की थी, लेकिन उनमें क्षमता से अधिक पशु भरे थे। गिरने और दबने से पशु घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को उतरवाया तो दोनों वाहनों से एक-एक मृत भैंस मिली। मौके से हासिम निवासी लाल दरवाजा, शिकारपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि नाहिद और मोनू उसे पशुओं को खुर्जा ले जाने के लिए बुलाकर लाए थे। पुलिस के पहुंचते ही दोनों मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों वाहनों और पशुओं को कब्जे में ले लिया। जीवित भैंसों का उपचार कराया गया। वहीं, मृत दोनों भैंसों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें दफना दिया गया।