नरौरा। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए परिवार के साथ अलीगढ़ से नरौरा आए दो सगे भाई सेल्फी लेने के दौरान पानी में बह गए। स्थानीय तैराकों और एक महिला की मदद से एक युवक को सकुशल बचा लिया गया। बड़े भाई का कोई सुराग नहीं लग पाया। सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और लापता युवक की तलाश में एनडीआरएफ की टीम के साथ सर्च अभियान शुरू कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अलीगढ़ के मोहल्ला शक्ति नगर निवासी मूलचंद्र अग्रवाल का परिवार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए आया था। इसमें उनके बेटे नितिन अग्रवाल (24) और उनके छोटे भाई हिमांशु उर्फ हरीश अग्रवाल भी शामिल थे। सभी भीड़भाड़ वाले घाटों के बजाय एकांत में स्नान करने के लिए मोहल्ला कर्मधर्म के निकट एक मील बंध (एक नम्बर बांध) पर पहुंचे। स्नान संपन्न करने के बाद जब सभी कपड़े बदलने लगे, तभी नितिन और हिमांशु फिर से पानी में चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और सीओ शोभित कुमार के अनुसार, दोनों भाई स्नान करके निकले थे। निकलने के बाद फोटो लेने के चक्कर में गंगा नदी के गहरे पानी की तरफ चले गए, तभी यह हादसा हुआ। दोनों भाई अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद स्थानीय तैराकों और लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सक्रियता दिखाते हुए तैराकों ने छोटे भाई हिमांशु उर्फ हरीश को सकुशल बाहर निकाल लिया लेकिन बड़े भाई नितिन अग्रवाल गहरे पानी में लापता हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए। एसडीएम मुनेश कुमार, सीओ शोभित कुमार, इंस्पेक्टर गंगाप्रसाद और नगर चेयरमैन प्रतिनिधि किताब सिंह यादव तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। लापता युवक की तलाश में तुरंत निजी गोताखोरों के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। देर शाम तक नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा था लेकिन नितिन का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि लापता युवक की तलाश जारी है।