संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जमीन के विवाद में दो भाइयों पर फावड़े से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने हमला करने के बाद जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली देहात के गांव ताजपुर सराय निवासी मुस्तकीम ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसने गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन खरीदी थी। जिसके चलते गांव के ही आबाद, जुबैर और ऊबेद उससे रंजिश मानते हैं। जिसके चलते आरोपी आए दिन उनसे झगड़ा करते हैं। आरोप है कि चार दिन पहले तीनों आरोपियों ने उसके भाई और उस पर फावड़े से हमला कर दिया। शोर मचाने पर लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने कहा कि आरोपियों से उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में जांच कराई जा रही है। जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।