बुलंदशहर। स्याना पुलिस ने अंतरजनपदीय गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हाल ही में एक महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी करने और नवीन मंडी में लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर, 2500 रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बुलेरो पिकअप भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि बुधवार को स्याना पुलिस थाना क्षेत्र के चौकी सराय नहर पटरी पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोका और पूछताछ की, जिसमें उन्होंने ट्रैक्टर चोरी समेत कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विनय उर्फ तोतासिंह, निवासी गांव उदयपुर थाना बाबूगढ़, जनपद हापुड़, और सोहनपाल उर्फ सोनू निवासी गांव नंगला चंदपुरा थाना बीबीनगर के रूप में हुई है।