चुनावी दावत के लिए अलीगढ़ से मेरठ ले जाई जा रही बीयर की पेटियों से भरा ट्रक शनिवार शाम गांव कमालपुर के पास पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक से 702 बीयर की पेटियां बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इसी दौरान रोकने पर ड्राइवर एक कार को छोड़ कर भाग निकला। पुलिस को कार में 40 पेटी गोवा मार्का शराब मिली है। पुलिस कार के मालिक की तलाश कर रही है।
शनिवार शाम गांव कमालपुर के निकट एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें अवैध रूप से ले जाई जा रही 702 पेटी बीयर बरामद कीं।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों कोमल सिंह पुत्र महावीर निवासी गांव करील जिला हाथरस, नवल किशोर पुत्र जुगल किशोर निवासी सीतामढ़ी बिहार व नेत्रपाल पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गांव गारहेरा थाना अनूपशहर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी एक ही परमिट पर समय निकल जाने के बाद मेरठ का दूसरा चक्कर लाग रहे थे। वहीं जैनपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस शनिवार रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार मेरठ की तरफ से आई। रोकने पर चालक कार को वहीं छोड़कर भाग निकला। कार में अवैध रूप से 40 पेटी गोवा मार्का शराब थी। पुलिस ने शराब और कार जब्त कर कार मालिक की तलाश शुरू कर दी है।