बुलंदशहर। नगर की पुलिस लाइन परिसर स्थित ट्रेनी सिपाहियों के लिए बनाई बैरक में शनिवार दोपहर को एक ट्रेनी आरक्षी ने जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर साथी पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को जानकारी दी और उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां, उसकी हालत में फिलहाल सुधार बताया जा रहा है। अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह का सामने आ रहा है। हालांकि, अधिकारी जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहने की बात कह रहे हैं।
मूल रूप से हाथरस निवासी भूपेंद्र सिंह बीते दिनों ही यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। उनकी बुलंदशहर पुलिस लाइन में ट्रेनिंग चल रही है। बीते दिनों वह छुट्टी पर अपने घर गए हुए थे। जहां से शनिवार सुबह ही वह वापस लाइन स्थित अपनी बैरक में पहुंचे थे। जहां, दोपहर के समय उनकी अचानक हालत बिगड़ने लगी।
जब साथी पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की तो पता चला कि भूपेंद्र ने जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की है। साथियों ने इसकी जानकारी अन्य अधिकारियों को दी। साथ ही भूपेंद्र को दोपहर करीब दो बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
जहां से उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां, उनका उपचार चल रहा है। एएसपी ऋजुल कुमार का कहना है कि इस प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। भूपेंद्र के परिजनों से भी इस संबंध में बातचीत की जाएगी।