बुलंदशहर। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश के बाद शहर के साथ जिले भर के 500 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई। बारिश के दौरान चांदपुर रजवाहे और वलीपुरा रजवाहे के पास 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने से कई बिजलीघरों की आपूर्ति प्रभावित रही। इसके चलते शहर के अंसारी रोड और हाईडिल कॉलोनी बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में करीब छह घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली नहीं आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चांदपुर रजवाहे के पास 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने से संबंधित बिजलीघरों की आपूर्ति प्रभावित हुई। वहीं, वलीपुरा रजवाहे के पास भी लाइन में खराबी आने से विद्युत व्यवस्था पर असर पड़ा। अंसारी रोड, हाईडिल कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी, डीएम रोड, कचहरी रोड, कालाआम, नुमाइश मैदान, मोतीबाग, खुर्जा गेट और आसपास के इलाकों में लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा।
कई मोहल्लों में छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। बारिश थमने के बाद उमस बढ़ने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बिजली नहीं होने के कारण पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और दुकानों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
वहीं, दूसरी ओर स्याना, बुगरासी, औरंगाबाद, अनूपशहर, शिकारपुर, डिबाई समेत जिले में अलग-अलग 500 से अधिक गांवों की बिजली भी बारिश के चलते गुल रही। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था में आए फॉल्ट को ठीक करने में लंबा समय लगने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ी।
लोगों ने विद्युत विभाग से बारिश के मौसम में लाइनों और उपकरणों की पहले से जांच कराने व फॉल्ट होने पर जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। देर शाम बिजली आपूर्ति सुचारू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। देहात में समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति चालू नहीं हो सकी है।
कोट -
बारिश के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति की किल्लत हुई है। समस्या के समाधान के लिए कर्मचारी लगे हैं। जल्द सभी स्थानों पर आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।- संजीव कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम