शिकारपुर। भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने राजस्व विभाग में कथित भ्रष्टाचार, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, बिजली व्यवस्था में सुधार और किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र ने तहसील के एक लेखपाल पर किसानों से अवैध वसूली करने, शराब की बोतल लेने और पैसे लेकर काम न करने का आरोप लगाया। उन्होंने अजनारा में 25 केवीए के ट्रांसफार्मर पर 24 बिजली कनेक्शन होने से बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या को उठाते हुए उसकी क्षमता बढ़ाने की मांग की। इस संबंध में अधिशासी अभियंता के माध्यम से प्रबंध निदेशक, मेरठ मंडल को भी ज्ञापन भेजा गया।
कस्बा शिकारपुर में तालाब व कब्रिस्तान की भूमि पर पर कथित अतिक्रमण हटाने, गांव रामपुर-मानपुर में तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने व गांव करीरा की सरकारी गाटा से अवैध कब्जे हटाने की मांग भी उठाई। जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिरोही ने बताया कि लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायतकर्ताओं के शपथ पत्र भी उपजिलाधिकारी शिकारपुर को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।