इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को लोन एप के जरिये कर्ज लेना महंगा पड़ गया। आरोप है कि लोन के एक लाख 34 हजार रुपये देने के बावजूद उन्हें तीन साल से ब्लैकमेल किया जा रहा है। पैसे नहीं देने पर उनका फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी मिल रही है।
युवक ने पुलिस को शिकायत दी कि तीन साल पहले इंटरनेट पर लोन एप से पांच लाख रुपये तक के लोन का ऑफर दिया। उन्होंने ऐप के माध्यम से सिर्फ 5500 रुपये कर्जा लिया। आरोप है कि अगले ही दिन अनजान नंबर से व्हाट्सएप मैसेज कर पैसे नहीं देने पर धमकी मिली तो उन्होंने पैसे जमा करा दिए। उसके बाद दोबारा रुपये मांगे तो इनकार कर दिया। तब आरोपी ने फोन से सभी सम्पर्क नंबर और गैलरी से फाेटो ले लिए। अब तक उनसे एक लाख 34 हजार रुपये वसूलने के बावजूद वीडियो-फोटो परिजनों को भेजने की धमकी दे रहे हैं। इससे वह काफी परेशान हैं और अवसाद में आत्महत्या करने की बात कर रहे हैं। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि फोन नंबर से ठग का पता लगा रहे हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।