खुर्जा के नव दुर्गा शक्ति मंदिर में नवरात्र के अवसर पर माता के दर्शन के लिए मौजूद श्रद्धालु । स
बुलंदशहर/अहार/नरौरा/सलेमपुर/जहांगीराबाद/अनूपशहर/डिबाई/गुलावठी/स्याना/औरंगाबाद/शिकारपुर/बीबीनगर। शारदीय नवरात्र में रविवार को भक्तों ने मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप का दर्शन-पूजन किया। नारियल, चुनरी, बताशा व फल अर्पित कर भक्तों ने विधि-विधान से मां का पूजन किया। शहर से लेकर देहात के गांव तक भक्तिमय माहौल बना रहा। मंगलवार को महागौरी की पूजा कर अष्टमी मनाई जाएगी। इस दौरान कंजक पूजन किया जाएगा।
सोमवार को मां महाकाली मंदिर, शीतलगंज देवी मंदिर, साठा स्थित देवी मंदिर, राज राजेश्वर मंदिर, भवन मंदिर, नर्वदेश्वरधाम मंदिर और मनसा देवी मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में सुबह से देर शाम तक मां के दर्शन के लिए भक्त पहुंचते रहे। इसी तरह अहार के मां अवंतिका देवी और नरौरा क्षेत्र के गांव बैलोन स्थित सर्व मंगला भवानी की पूजा के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।
शिकारपुर, जहांगीराबाद, सलेमपुर, अनूपशहर, ऊंचागांव, औरंगाबाद, स्याना, गुलावठी, बीबीनगर व डिबाई समेत सभी जगह माता रानी के जयकारों की गूंज रही। कहीं पर संकीर्तन तो कहीं पर धार्मिक अनुष्ठान हुए। पं. कैलाश शर्मा ने बताया कि महाअष्टमी पर कन्या पूजन का विधान है। मंगलवार को घर-घर में कंजक पूजन होगा। कन्या पूजन के लिए कन्याओं के पैर धोकर लाल रंग लगाना, रोली-अक्षत लगाना, फूलमाला चढ़ाना शुभ होता है।