बुलंदशहर। फाल्गुन की महाशिवरात्रि पर जहां शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए रवाना हो रहे हैं। वहीं, कुछ ऐसे भी शिवभक्त हैं जो समय के अभाव में गंगाजल नहीं ला पाते हैं। ऐसे शिवभक्तों को गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। डाक विभाग 30 रुपये में गंगाजल की 250 एमएल की बोतल उपलब्ध करा रहा है। इसके लिए प्रधान डाकघर समेत समस्त डाकघर पर काउंटर से गंगाजल ले सकते हैं।
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ पूजा-अर्चना के साथ भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। कुछ शिवभक्त गंगाजल से भी अभिषेक करते हैं। इसको देखते हुए गत वर्षों की तरह इस बार भी शिवभक्तों को आसानी से गंगोत्री का गंगाजल मिल सके, इसके लिए डाक विभाग ने काउंटर लगाकर बिक्री शुरू कर दी है। डाक अधीक्षक त्रिभुवन प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधान डाकघर समेत समस्त डाकघर में गंगाजल के लिए काउंटर शुरू कर दिया है। श्रद्धालु काउंटर से गंगाजल ले सकते हैं। संवाद