अहार/ऊंचागांव। थाना अहार क्षेत्र के अवंतिका देवी गंगा घाट के समीप दाह संस्कार में शामिल लोगों को बैठने के लिए जिला पंचायतनिधि से टिन शेड का निर्माण कराया गया था। इसको शनिवार की देर शाम पुलिस की मौजूदगी में तहसीलदार अनूपशहर ने उखाड़वा दिया। इसकी सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण वहां पहुंच गए। रविवार सुबह जिला पंचायत सदस्य और भाकियू टिकैत के नेतृत्व सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीणों ने एकत्र होकर हंगामा किया।
तहसील अनूपशहर के ब्लाक अनूपशहर क्षेत्र के गांव महमूदपुर बांगर स्थित अवंतिका मंदिर गंगा घाट पर दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, हापुड़ से लोग अपने परिजनों की मृत्यु के बाद दाह संस्कार करने के लिए काफी संख्या में पहुुंचते हैं। उसमें शामिल लोगों को वहां पर बैठने का उचित स्थान नहीं है।
इसको देखते हुए जिला पंचायत सदस्य ओंकार सिंह ने करीब पांच लाख रुपये की जिला पंचायत निधि से दाह संस्कार के स्थान के समीप शनिवार को टिन शेड का निर्माण कराया था। इसको देर शाम थाना अहार पुलिस की मौजूदगी में तहसीलदार अनूपशहर ने स्थानीय लोगों की मदद से चादर को हटवा दिया और लोहे के पिलरों में लगे बोल्टों को ग्लैंडर से कटवा कर तहस नहस करा दिया।
इसकी सूचना ग्रामीणों को मिली तो ग्रामीणों ने मौके पर एकत्र होकर विरोध किया। रविवार सुबह भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
हंगामे की सूचना पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत धर्मजीत सिंह के पहुंचने पर ग्रामीणों ने घटना की जानकारी दी। अपर मुख्य अधिकारी के 25 जनवरी तक टीन शेड का निर्माण कराने के आश्वासन दिया। तब ग्रामीण शांत हुए।