जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में बंद पड़ी थायराइड जांच की मशीन। संवाद
बुलंदशहर। जिला अस्पताल में थायराइड जांच की मशीन पिछले चार दिन से खराब है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं समेत अन्य लोगों की जांच नहीं हो पा रही है। मरीज बिना जांच कराए लौट रहे हैं।
जिला चिकित्सालय समेत अन्य सरकारी चिकित्सालयों में पैथोलॉजी लैब स्थापित है लेकिन जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब को छोड़कर अन्य सभी लैब पर थायराइड की जांच की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मरीज निशुल्क जांच के लिए जिला अस्पताल पर ही निर्भर हैं। जिला अस्पताल पहुंची महिला माधुरी ने बताया कि चिकित्सक ने थायराइड जांच के लिए लिखा है। लैब पहुंची तो मशीन खराब होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। विपिन शर्मा ने बताया कि चिकित्सक के कहने पर थायराइड जांच के लिए लैब पहुंचा तो लैब कर्मी ने दो दिन बाद आने को कहा है। पूछने पर मशीन खराब बताई।
जिला चिकित्सालय के प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि पैथोलॉजी लैब में लगी थायराइड जांच की मशीन खराब है। कंपनी को अवगत कराया जा चुका है। एक-दो दिन में मशीन सही हो जाने की उम्मीद है।