दो सड़क हादसों में बाइक सवार बाप-बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे से गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। हंगामा बढ़ने पर पहुंची पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। एसडीएम ने पीड़ित परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया तो लोग शांत हुए। हंगामे के कारण एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
पहला हादसा रविवार रात औद्योगिक क्षेत्र में हुआ, जहां दिल्ली के मंडावली निवासी धमेंद्र पुत्र प्रेम शंकर गुप्ता परिवार के साथ कार से एटा से दिल्ली लौट रहे थे। तभी औद्योगिक क्षेत्र में रात करीब नौ बजे कार व बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अंधैल गांव निवासी कंछित (45) पुत्र फूली व वीरपाल गंभीर घायल हो गए।
कंछित की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई जबकि वीरपाल ने नोएडा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, हादसे से गुस्साए लोगों ने कार सवार को घेर लिया। कार में दो महिलाएं भी सवार थीं। किसी तरह कार सवारों ने पुलिस चौकी में घुसकर अपनी जान बचाई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया।
इस दौरान भीड़ ने वाहनों पर भी पथराव भी किया। पुलिस के साथ पहुंचे कोतवाल ने हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी ले लिया है। हंगामे के चलते हाईवे पर करीब एक घंटा यातायात बाधित रहा। कंछित के बेटे शोनू ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरा हादसा हाईवे स्थित वीरखेड़ा में हुआ, सोमवार सुबह गफूरगढ़ी गांव निवासी मजदूर मोनू (20) पुत्र हरीशचंद्र, संजय (34) पुत्र चंद्रमल साइकिल से सिकंदराबाद जा रहे थे। हाईवे पर गफूरगढ़ी गांव के सामने सड़क पार करते समय ट्रक ने दोनों को कुचल दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल मोनू की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। संजय का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक सहित चालक को पकड़ लिया है। गुस्साए परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। कोतवाल जितेंद्र कुमार और एसडीएम ने लोगों को समझा-बुझाकर का जाम खुलवाया।