एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले इंजीनियर समेत तीन शातिर दबोचे
बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में एक आरोपी इंजीनियर है। अन्य दो दसवीं पास हैं। आरोपियों के पास से ठगी के 1.12 लाख रुपये, 35 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक कार बरामद की गई है। आरोपी पूर्व में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली व यूपी के विभिन्न जिलों में वारदातों को अंजाम दे चुके हैं
एसएसपी श्लोक कुमार ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि सिकंदराबाद पुलिस बुधवार देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान वाहन चेकिंग करते समय गुलावठी तिराहे पर एक कार को रुकने का इशारा किया लेकिन आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। जिसमें से पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी सिकंदराबाद समेत अन्य जिलों व राज्यों में लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से नगदी निकाल लिया करते थे। आरोपियों की शिनाख्त परवेज आलम निवासी गांव रसूलपुर थाना गुलावठी हालपता- साबिर का मकान बंसल सिनेमा वाली गली थाना सिकंदराबाद, यूनुस निवासी गांव शाहपुर कला थाना खुर्जा नगर और अंकुर उर्फ सागर निवासी ग्राम भवौकरा थाना जेवर जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि वह अपने अन्य साथी देवेन्द्र निवासी ग्रेटर नोएडा एवं उसके अन्य दो साथियों के साथ मिलकर लोगों के एटीएम बदलकर धोखाधड़ी कर एटीएम मशीन से कैश निकालने की कई घटनायें की है। आरोपी अंकुर पर 13, युनूस पर दस और परवेज पर चार मामले दर्ज होने की अभी तक जानकारी मिली है। इनका अन्य आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
सिकंदारबाद में की ये वारदातें
आरोपियसों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर सिकंदराबाद में गत 12 जून को दनकौर रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 90 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसके अलावा 19 मई को सिकंदराबाद स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम 94,000 रुपये निकाले। साथ ही गत 19 अप्रैल को दनकौर रोड स्थित पंजाब नैशनल बैंक के एटीएम से कार्ड बदलकर 54,000 रुपये निकालने की घटना की गई थी।
बीटेक पास अंकुर कार्ड स्वैप कर ट्रांसफर करता था रुपये
आरोपियों के पास से पुलिस ने कार्ड स्वैप मशीन भी बरामद की है। जिसके बारे में पकड़े गए आरोपी अंकुर ने बताया कि वह बीटेक पास है। उसने अपनी गलत संगत में पड़ने के कारण वारदातों को अंजाम देने की बात कही। साथ ही बताया कि वह इसी कार्ड स्वैप मशीन के माध्यम से एटीएम कार्ड को स्वेप करके पैसे ट्रांसफर कर लेता है।
टूरिस्ट स्पॉट पहली पसंद
आरोपियों ने बताया कि वह अधिकतर टूरिस्ट प्लेस पर वारदातों को अंजाम दिया करते थे। इसी के चलते उन्होंने धोलपुर, ग्वालियर, कानपुर, लोनी, मुरैना, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, रूद्रपुर, हरिद्वार, खटीमा, नैनीताल, हल्द्वानी, दिल्ली आदि स्थानों पर जाकर एटीएम बदलकर उनका पासवर्ड देखकर उनके खातों से पैसे निकालने की घटनाएं की है।