क्षेत्र के एक स्कूल में सिर के ऊपर लटक रहे खतरे के बीच करीब तीन हजार बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। अभिभावकों की शिकायत पर जांच को पहुंचे एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। एसडीएम की रिपोर्ट के बाद स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है।
जहांगीराबाद के गायत्री नगर स्थित सेंट जोसफ स्कूल के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। स्कूल में करीब तीन हजार बच्चे पढ़ाई करते हैं। अभिभावक लंबे समय से हाईटेंशन लाइन को हटवाने की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा लाइन के नीचे अवैध रूप से निर्माण कराने के चलते नियमानुसार इसे हटाना मुश्किल है।
अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों ने मामले की शिकायत एसडीएम से की। जांच को पहुंचे एसडीएम अनूपशहर ने अभिभावकों की शिकायत को सही पाया। एसडीएम ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है।
अभिभावकों की शिकायत के बाद जहांगीराबाद के सेंट जोसफ स्कूल की जांच की गई तो मामला सही पाया गया। स्कूल के ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है, जिससे स्कूल में पढ़ रहे बच्चों की जान को खतरा है। मामले की रिपोर्ट डीएमको भेज दी है। - भैरपाल सिंह, एसडीएम, अनूपशहर
लाइन को हटाने के बारे में पावर कारपोरेशन अफसरों से लेकर जिला प्रशासन और शासन तक गुहार लगाई गई है। हम स्वयं चाहते हैं कि स्कूल के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन को जल्द से जल्द शिफ्ट करा दिया जाए। - फादर जोसफ, प्रिंसिपल
पावर कारपोरेशन के नियमों के अनुसार हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्माण करना पूरी तरह अवैध है। स्कूल प्रबंधन द्वारा हाईटेंशन लाइन गुजरने के बावजूद अवैध तरीके से स्कूल का निर्माण कराया गया। पहले ही पूरे मामले की रिपोर्ट एमडी को भेजी जा चुकी है।
- ओपी यादव, अधीक्षण अभियंता