जहांगीराबाद। क्षेत्र में विद्युत चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विकास कार्यों को पलीता लगाते हुए अज्ञात चोरों ने निर्माणाधीन लोहरा फीडर की नई लाइन पर धावा बोलकर करीब 600 मीटर बिजली का तार चोरी कर लिया। दो अलग-अलग रास्तों पर हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
चांदोक बिजलीघर से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 11 हजार वोल्ट की नई लाइन बिछाई जा रही थी। चोरों ने चांदोक-अजनारा चौराहे से सुर्खरू जाने वाले मार्ग को निशाना बनाया और वहां से करीब 600 मीटर विजल टाइप तार काटकर रफूचक्कर हो गए। दूसरी वारदात अजनारा से असावरी मार्ग पर हुई, जहां चोरों ने करीब 24 पोलों से तार उतार लिए। एक ही रात में दो स्थानों पर हुई इस बड़ी चोरी से ठेकेदार और विभाग को लाखों का नुकसान हुआ है। घटना के बाद ठेकेदार प्रदीप ने ग्यारह मील पुलिस चौकी में तहरीर देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं, जिससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है बल्कि भविष्य में बिजली आपूर्ति शुरू होने में भी देरी होगी। सीओ विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जहांगीराबाद पुलिस को मौके का निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है, जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।