सिकंदराबाद। हरियाणा विधानसभा के पूर्व विशेष सचिव, दिल्ली पुलिस के सिपाही के घर लाखों की चोरी की घटना का पुलिस दस दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। दोनों घरों से चोर लाखों रुपये का माल चुरा ले गए थे।
नौ नवंबर की रात में कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडावरा में हरियाणा विधानसभा के पूर्व सचिव रामनारायण यादव के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी कर ली थी। पूर्व सचिव के भाई राजनारायण यादव ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वही नौ नवंबर की रात में ही कोतवाली क्षेत्र के गांव इस्माईलपुर निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही विपिन कुमार यादव के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 15 लाख के सोने-चांदी के जेवरात, 5 लाख कीमती के कपड़े व अन्य सामान तथा करीब 2 लाख की नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित के भाई और भांजी की शादी के लिए तैयारी चल रही थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। घटना के दस बीत जाने के बाद भी पुलिस दोनों चोरियों का खुलासा नहीं कर सकी है। कोतवाल रवि रतन सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाएगा।