सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव ईस्माइलपुर निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये की कीमत के आभूष, कीमती सामान चोरी कर लिया। परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
गांव इस्माईलपुर निवासी विपिन कुमार यादव दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। उनका परिवार मेरठ में रहता है। शनिवार की रात उनके बंद मकान का ताला तोड़ घर के अंदर कमरों में रखी सेफ,संदूक में रखे करीब 15 लाख के सोने-चांदी के जेवरात, 5 लाख के कीमती कपड़े व अन्य सामान तथा करीब 2 लाख की नकदी चोर ले गए। विपिन कुमार यादव ने बताया कि उनके घर भाई और भांजी की शादी के लिए तैयारी चल रही थी। इसीलिए जेवरात, कीमती सामान, कीमती कपड़े व अन्य सामान रखा हुआ था। मामले की जानकारी रविवार की सुबह पड़ोसियों के द्वारा उन्हें दी गई। सूचना पर वह गांव पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मौके फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल की गई। पुलिस जांच कर रही है। संवाद