हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के चलते करीब 50 गांवों की बिजली दो दिन से गुल है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न आने से गुस्साए किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं मैना-मौजपुर गांव में तार टूटने से पिछले दो सप्ताह से बिजली नहीं हैं।
सोमवार सुबह अरनिया बिजलीघर पर केबल बॉक्स फुंकने के कारण इससे जुड़े हलपुरा, दशहरा, दशहरी, शाहपुर, रुकनपुर समेत करीब 50 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिना बिजली के गांवों में रह रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गांवों में पानी की किल्लत से भी लोगों को जूझना पड़ा।
उधर बिजली के बिना फसलों की सिंचाई का काम बाधित हो गया है। इसे लेकर किसानों में भी जबरदस्त रोष व्याप्त है। किसानों ने कहा कि अगर जल्द ही आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो वह आंदोलन को मजबूर हो जाएंगे। जेई जनार्दन यादव ने बताया कि केबल बॉक्स को ठीक करने का काम चल रहा है।
जल्द ही आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। उधर मैना-मौजपुर गांव में एलटी लाइन का तार टूटने से पिछले 15 दिनों से बिजली गुल है। इसे लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त रोष व्याप्त है।
मेरठ विजिलेंस का छापा, खंगाले रिकॉर्ड
गलत तरीके से कनेक्शन आवंटन की शिकायत के बाद मेरठ की विजिलेंस टीम ने छापामार कार्रवाई की। नगर के वलीपुरा नहर के पास एक होटल को अवैध तरीके से कनेक्शन देने का आरोप है। एमडी को भेजी गई एक गोपनीय शिकायत में बताया गया है कि वर्षों पहले बंद हो चुकी लाइन पर गलत तरीके से होटल संचालक को कनेक्शन आवंटित कर दिया गया।
इसके चलते विभाग को राजस्व की हानि हुई। एमडी के निर्देश पर मेरठ विजिलेंस की टीम ने बुलंदशहर डिवीजन में छापामार कार्रवाई कर कनेक्शन संबंधी अभिलेख देखे। टीम ने मौके पर भी जाकर स्थिति देखी।
इसके बाद विजिलेंस टीम कनेक्शन संबंधी दस्तावेज अपने साथ ले गई। एक्सईएन बुलंदशहर डीसी शर्मा ने बताया कि किसी व्यक्ति ने एमडी से गलत कनेक्शन आवंटन की शिकायत की थी। विजिलेंस टीम संबंधित रिकॉर्ड की कॉपी अपने साथ ले गई है।