कोतवाली देहात की ठंडी प्याऊ चौकी के निकट बृहस्पतिवार रात कानवाई ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरे की हालत गंभीर है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने पुलिसकर्मी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बागपत के थाना छपरौला क्षेत्र के गांव काकोर निवासी विनोद कुमार ठंडी प्याऊ चौकी पर तैनात था। बृहस्पतिवार रात साथी कांस्टेबल अरुण कुमार के साथ कानवाई पर ड्यूटी दे रहा था। रात करीब 3.30 बजे चौकी के निकट बेरिकेटिंग करके वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक स्कॉर्पियो कार आकर रुकी।
दोनों पुलिसकर्मी चेकिंग कर रहे थे, तभी खुर्जा की ओर से एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियों में पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक यहीं नहीं रुका, वह टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ा तो विनोद कुमार को कुचल दिया और अरुण भी ट्रक की चपेट में आ गया। विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया।
चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अरुण को जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अरुण को मेरठ रेफर कर दिया।
वहीं मौत की सूचना पर विनोद के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि घायल अरुण की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम कराने के बाद विनोद के शव को पुलिस लाइन में रखा गया। वहां एसएसपी मुनिराज जी., एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एसपी देहात जगदीश शर्मा, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। एसएसपी ने बताया कि विभागीय प्रक्रिया के अनुसार विनोद के परिवार को आर्थिक मदद दी जाएगी।