‘आगामी विधानसभा चुनाव में जाट उसकी पार्टी को वोट देंगे जो उन्हें केंद्र में आरक्षण दिलाएगी।’ यह बात अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. यशपाल सिंह मलिक ने शुक्रवार को नगर के सम्राट सिनेमा में हुए जाट सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जाट 125 विधान सभा सीटों पर प्रभाव रखते है। वह जाटों के प्रभाव वाली सभी सीटों पर सम्मेलन आयोजित कर जाटों को एकजुट करने का काम करेंगे। यशपाल मलिक ने अपील की जाटों को धर्म, जाति, पार्टी के नाम पर नहीं बंटना है।
बल्कि एकजुट होकर उसी पार्टी को वोट देना है जो उन्हें केंद्र में आरक्षण दिलाएगी। उन्होंने हरियाणा में आरक्षण आंदोलन में शहीद हुए जाटों के परिवारों की प्रति सहानुभुति व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी को बेकार नहीं जाने दी जाएगी।
इस दौरान बीएस अहलावत ने आरक्षण को जाटों का अधिकार बताया। जगवीर सिंह सिरोही ने जाट विरोधी दलों का बहिष्कार करने की अपील की। इस मौके पर कृष्णपाल दहिया, यशपाल सिंह, दिनेश चरौरी, सुरेंद्र सौरभ, अशोक चौधरी, आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सम्मेलन में राजकुमार, वीरेंद्र मलिक, अशोक तेवतिया, किरनपाल, संजय पंवार, समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।