बुलंदशहर। जिला कारागार में निरुद्ध बंदी की मेरठ मेडिकल में चार दिन के उपचार के बाद मंगलवार सुबह मौत हो गई। उसको गत 24 नवंबर को खुर्जा नगर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम में गिरफ्तारकर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था।
खुर्जा नगर कोतवाली में गत 19 सितंबर को एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री को गांव किला निवासी युवक अरुण बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्जकर जांच की और आरोपी अरुण को 24 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही किशोरी को बरामद कर पॉक्सो अधिनियम की धारा एफआईआर में तरमीम कर दी थी। तभी से अरुण जिला कारागार में बंद था। बताया गया कि गत आठ अक्तूबर को उसकी अचानक तबीयत खराब हुई। इसके बाद उसे कारागार अस्पताल से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां, ठीक न होने पर उसी दिन उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया था। मंगलवार सुबह उसकी मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अरुण की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जेल एसपी आरके जायसवाल ने बताया कि उसकी जेल में ही अचानक तबीयत खराब हो गई थी। मंगलवार सुबह उपचार के दौरान मेरठ मेडिकल में उसकी मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।