कालाआम पर रविवार को नगर पालिका की पेयजल सप्लाई लाइन फट गई थी। इसकेे चलते छह हजार घरों में सोमवार को दूसरे दिन भी पानी की सप्लाई नहीं मिली। पाइप लाइन नाला निर्माण के लिए चलाई जा रही जेसीबी से फट गई। सोमवार शाम तक पालिका कर्मचारी लाइन को ठीक करने में लगे रहे।
भीषण गर्मी में 24 घंटे बाद भी पानी नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। अधिकारी मंगलवार को लाइन ठीक कराकर सप्लाई देने का प्रयास कर रहे हैं। कालाआम से भूड़ को जाने वाली सड़क किनारे पालिका नाले का निर्माण करा रही है। नाले की बराबर में ही वाटर सप्लाई की लाइन बिछी हुई है।
वाटर सप्लाई लाइन के ऊपर कोई चिंहीकरण निगम द्वारा नहीं कराया गया है। ऐसे में नाला खुदाई में लगी जेसीबी से रविवार को वाटर सप्लाई लाइन फट गई। जिससे पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई। पाइप फटने के बाद पानी की सप्लाई बंद कर दी गई, लेकिन इससे करीब छह हजार घरों में पानी का संकट हो गया। इस पाइप लाइन से भूड़ मार्ग पर पड़ने वाली कालोनियों और नुमाइश ग्राउंड के आसपास के क्षेत्र में छह हजार घरों में सोमवार को भी पानी की सप्लाई नहीं हुई।
पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नौकरी और काम पर जाने वालों को बिना नहाए ही घर से निकलना पड़ रहा है। वहीं भीषण गर्म में पानी न मिलने से लोगों को आफत का सामना करना पड़ रहा है। लापरवाही का आलम यह है कि पाइप लाइन फटने के बाद उसके ऊपर मिट्टी डाल दी गई, जिसके चलते कर्मचारी उसको ठीक नहीं कर पाए।
पानी की व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
बुलंदशहर। सीडीओ जसजीत कौर ने सोमवार को कलक्ट्रेट में गर्मी के चलते पशुओं और आमजन को पानी की व्यवस्था कराने के आदेश दिए। उन्होंने पानी की व्यवस्था को मजबूत करने को कहा। बैठक में मौजूद अफसरों को चेतावनी दी कि पानी की व्यवस्था में किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां पर हैंडपंप और नलकूप खराब है उन्हें ठीक करवाया जाए।
नाला निर्माण के लिए जेसीबी से मिट्टी निकालते समय वाटर सप्लाई लाइन फट गई। सोमवार को कर्मचारियों ने शाम तक इसको ठीक करने का प्रयास किया। जल्द ही इसको ठीक करके मंगलवार सुबह तक सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। - एके सिंह, ईओ, नगर पालिका