फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: बढ़ता जा रहा बुखार का प्रकोप, चार और मरीजों ने तोड़ा दम

विज्ञापन
विज्ञापन
ऊंचागांव/खानपुर। बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को ऊंचागांव और खानपुर क्षेत्र में बुखार से पीड़ित तीन मरीजों की मौत हो गई। खुर्जा के क्योली खुर्द गांव में भी बुखार की वजह से एक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन

ऊंचागांव क्षेत्र के गांव भदौरी निवासी 35 वर्षीय प्रदीप को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। पिता मदन सिंह ने बताया कि शुरुआत में एक झोलाछाप से इलाज करवाया। सुधार न होने पर जहांगीराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार को उपचार के दौरान प्रदीप ने दम तोड़ दिया। कस्बा दौलतपुर कलां निवासी 75 वर्षीय अशर्फी देवी को भी पिछले 25 दिनों से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। उपचार के बाद परिजन घर ले आए। सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। ग्रामीण सूरज व वीरपाल ने बताया कि गांव में न तो किटनाशक का छिड़काव हो रहा है न ही साफ-सफाई कराई जा रही है। गांव में काफी लोग बुखार से पीड़ित चल रहे हैं।
खानपुर नगर के मोहल्ला डहर पट्टी निवासी 39 वर्षीय आकिल ने भी बुखार से दम तोड़ दिया। बताया गया कि वह नोएडा में नर्सरी का काम करता था। रविवार के घर आया था। भाई राशिद ने बताया कि बुखार होने पर एक क्लीनिक से दवा ली। सोमवार को उसकी नाक से खून बहने लगा तो बुलंदशहर के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। खून बहना बंद न होने और हालत में सुधार न होने पर मेरठ लेकर गए। मेरठ ले जाते समय रास्ते में आकिल ने दम तोड़ दिया। नगर निवासी सुरेश व विजय ने बताया कि कस्बे में काफी लोग बुखार से पीड़ित चल रहे हैं।
विज्ञापन

खुर्जा के क्योली खुर्द गांव में 90 वर्षीय वृद्ध राधेश्याम की भी बुखार से मौत हो गई। वह 15 दिन से बुखार से पीड़ित थे। जटिया अस्पताल के सीएमएस डाॅ. टेकेंद्र सिंह ने बताया कि राधेश्याम को बुखार के अलावा अन्य कई बीमारी थीं। वह पिछले नौ दिन से वेंटीलेटर पर थे। मंगलवार शाम को उनकी मौत हो गई।





प्याना कलां में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर
ऊंचागांव क्षेत्र के गांव प्याना कलां में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और समाजसेवी संगठन राष्ट्रीय मानव सेवा संगठन ने अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाकर उपचार किया। 10 सीएचओ और 20 आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित मरीजों से बात कर परामर्श दिया। चिकित्सकों ने करीब 450 मरीजों का निशुल्क जांच कर परामर्श दिया। गांव दुलखरा में भी शिविर में 145 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें 22 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। एक मरीज में मलेरिया की पुष्टि होने पर सीएचसी पर भर्ती कराया गया।

डेंगू के पांच मरीज मिले, प्याना कलां में सात घरों में मिला लार्वा
बुलंदशहर। नोडल अधिकारी डॉ. रमित कुमार ने बताया कि मंगलवार को एलाइजा जांच में पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 110 हो गई है। वहीं, ऊंचागांव क्षेत्र के गांव प्याना कलां में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ मलेरिया विभाग की टीम ने घर-घर जाकर जांच की। सात घरों में डेंगू का लार्वा मिला है। जिला मलेरिया अधिकारी नज्जार अहमद ने बताया कि 50 से अधिक घरों में जांच की गई। घरों की छतों से लेकर कूलर, गमला, नाले आदि में लार्वा मिलने पर नष्ट करा दिया। ग्रामीणों को जलभराव न होने के लिए जागरूक किया। संवाद


बुखार से मौत की जानकारी कर गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। लोगों से अपील है बुखार होने पर पंजीकृत चिकित्सक से ही इलाज करवाएं। मंगलवार को ऊंचागांव क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाकर भी इलाज किया गया। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें