स्याना। नगर के व्यस्ततम चांदपुर चुंगी क्षेत्र में पुलिस पिकेट से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित डिबाई की पूर्व विधायक अनीता लोधी के आवास को चोरों ने निशाना बना डाला। चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर भाग गए।
पुलिस पिकेट के इतने करीब पूर्व जनप्रतिनिधि के आवास में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने महकमे की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त को कठघरे में खड़ा कर दिया है। पूर्व विधायक प्रतिनिधि मोहित शर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि चोरों ने ताला तोड़कर घर में चोरी की है। चोरी गए सामान का ब्योरा जुटाया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भारी रोष है। नागरिकों का कहना है कि जब पिकेट से चंद कदमों की दूरी पर वीआईपी आवास ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा तो भगवान भरोसे है। उधर, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।