घर से लापता हुए अधेड़ का शव गांव के रास्ते के पास खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि शव पर चोट के निशान हैं, जिसके चलते पीड़ित परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि गांव खदाना निवासी 55 वर्षीय ओमवीर सिंह मंगलवार दोपहर को घर से निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बताया जा रहा है कि बुधवार को लोगों ने सड़क किनारे खेत में एक शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। परिजनों ने शव की शिनाख्त ओमवीर सिंह के तौर पर की। परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि ओमवीर के शव पर कई चोट के निशान हैं। हालांकि ग्रामीणों में चर्चा है कि पारिवारिक कलेश में ओमवीर सिंह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
एसपी देहात डॉ. तेजवीर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। अभी तक परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।