जहांगीराबाद। दिल्ली निवासी एक सेवानिवृत्त राजपतित्र अधिकारी से जहांगीराबाद में जमीन बेचने का झांसा देकर 2.17 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है।
दिल्ली के कालका जी क्षेत्र निवासी पीड़ित खानचंद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह दिल्ली सरकार से सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी हैं। आरोप लगाया है कि गांव जलीलपुर निवासी आरोपी शमसुद्दीन और उसके साथियों ने फर्जी दस्तावेजों और झूठे भरोसे के दम पर उनसे करीब दो लाख 17 हजार रुपये वसूल लिए और न तो जमीन दी और न ही पैसे वापस किए। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने एक फर्जी व्यक्ति को जमीन का मालिक बताते हुए उसके नाम से फर्जी अग्रीमेंट दस्तावेज तैयार कर लिए । बाद में पता चला कि जमीन पहले ही किसी और के नाम बेची जा चुकी थी। जब रुपये लौटाने की बात आई तो आरोपी टालमटोल करता रहा और जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित की ओर से इस संबंध में एसएसपी बुलंदशहर को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी का 7 से 8 लोगों का गैंग है। खुद को रसूखदार बताकर दबाव बनाता है। सीओ अनूपशहर रामकरन सिंह का कहना है कि पीड़ित रिटायर्ड अधिकारी की शिकायत पर शमशुद्दीन, अजय और सईम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।