शोरूम में घुसकर मारपीट की वीडियो का स्क्रीन शॉट।
बुलंदशहर। नगर स्थित महिंद्रा के शोरूम पर काम करने वाले युवक जितेंद्र भाटी का अपने पड़ोसी से गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपियों ने शनिवार शाम पीड़ित पर शोरूम में घुसकर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों का रविवार को शांतिभंग में चालान किया। देर शाम जमानत पर छूटने के बाद आरोपियों ने पीड़ित पक्ष के घर के बाहर जमकर आतिशबाजी की।
नगर कोतवाली में सिकंदराबाद के गांव हमीदपुर निवासी जितेंद्र भाटी ने तहरीर देकर बताया कि वह शिवा ऑटो कोर्प महिंद्रा शोरूम में काम करते हैं। 27 दिसंबर की शाम चार बजे गाड़ी खड़ी करने को लेकर पीड़ित का अपने पड़ोस में रहने वाले युवक अंकित, हरेंद्र, राजकुमार और उनके अन्य साथियों से विवाद हो गया था।
आरोपियों ने पीड़ित के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को शोरूम में घुसकर लाठी-डंडों से पीटते हुए हत्या की धमकी दी। शोरूम के अन्य कर्मचारियों से भी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
नगर पुलिस ने तीन नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। रविवार को आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। देर शाम आरोपी सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय से जमानत पर छूट गए। जिसके बाद आरोपियों ने अपने सहयोगियों के साथ आतिशबाजी की और धमकियां देनी शुरू कर दीं।
पीड़ित की सूचना पर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंच गई है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।