पीड़ित उमेश चंद सोनी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गत बृहस्पतिवार की दोपहर को लगभग ढाई बजे उनकी दुकान पर एक अज्ञात महिला आभूषण खरीदने के लिए आई थी। इसी दौरान महिला ने सर्राफा व्यापारी को अन्य सामान दिखाने की बात कहकर कुंडलों से भरा एक पैकेट चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि पैकेट में 8-9 जोड़ी कुंडल थे, जिनका वजन 45-50 ग्राम था। घटना की जानकारी दुकानदार को तब हुई जब उनके बड़े बेटे ने आकर सामान को चेक किया और कुंडलों से भरे डिब्बे का वजन किया।
वजन कम होने पर उन्हें अपने साथ हुई चोरी के बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में अज्ञात महिला सोने के कुंडलों से भरी दो थैलियों को अपने हाथ में छिपाती हुई नजर आ रही है। इस दौरान आरोपी महिला ने दुकानदार को एक थैली वापस कर दी और दूसरी थैली को अपनी हथेली और फोन के बीच में छिपा लिया।
पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली पुलिस को मामले में तहरीर देकर आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। साथ ही सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दी है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की शिनाख्त करने में जुट गई है। हालांकि, अभी तक उसका कोई सुराग पुलिस को नहीं लग सका है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
महिला चोरों ने पूर्व में भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह से आभूषण चोरी की वारदातों का अंजाम दिया है। नगर क्षेत्र में ही करीब दो वर्ष पूर्व एक महिला ने सराफा कारोबारी की दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात चोरी किए थे। जबकि, करीब एक वर्ष पूर्व खुर्जा स्थित सराफा बाजार में एक दुकान पर दो महिलाओं ने पहले ग्राहक बनकर आभूषण देखे। इसके बाद एक अंगूठी, दो पायजेब चोरी कर ली थी। हालांकि, पुलिस पूर्व में ही इन दोनों ही मामलों का राजफाश कर चुकी है।
क्षेत्राधिकारी अनूपशहर गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की तहरीर के आधार पर अज्ञात महिला चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।