जहांगीराबाद। मोहल्ला गुरुसाईयान में मंदिर की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अब आर-पार की जंग में बदल गया है। मंदिर की दीवार तोड़े जाने की सूचना पर क्षेत्र में तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शांतिभंग करने के आरोप में चार लोगों का चालान करते हुए 40 को पाबंद कर दिया है।
नगर के गुरुद्वारे वाले बाबा मंदिर के पास स्थित करोड़ों की भूमि पर एक पक्ष अपना दावा ठोक रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे मंदिर की संपत्ती बता रहा है। आरोप है कि बुधवार रात कुछ लोगों ने मंदिर की दीवार ढहा दी, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर कहासुनी हुई। सूचना मिलते ही सीओ अनूपशहर विकास प्रताप सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
बृहस्पतिवार दोपहर एसडीएम प्रियंका गोयल और पालिका ईओ मणि जी सैनी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों पक्षों को कोतवाली तलब किया गया। घंटों चली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के दस्तावेजों को खंगाला गया। एसडीएम ने कहा कि जमीन के मालिकाना हक का फैसला न्यायालय करेगा, तब तक कोई भी पक्ष वहां छेड़छाड़ नहीं करेगा। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त दीवार को दोबारा ठीक कराने के निर्देश भी दिए हैं।
सीओ अनूपशहर ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एहतियात के तौर पर चार आरोपियों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया है, वहीं दोनों पक्षों के 40 महिला-पुरुषों को पुलिस ने पाबंद कर सख्त चेतावनी दी है।