बुलंदशहर। मानचित्र स्वीकृति व उससे जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण सभागार में बुधवार को प्राधिकरण दिवस का आयोजन हुआ। प्राधिकरण दिवस में 10 लोग फरियाद लेकर पहुंचे। इनमें चार का तत्काल समाधान व शेष समस्याओं को सुन प्राधिकरण उपाध्यक्ष व सचिव ने जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले भवन मानचित्र (मैप) पास कराने और उससे जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लोग अब प्रत्येक बुधवार को प्राधिकरण दिवस में समाधान करवा सकेंगे। बुधवार से शुरू हुए पहले प्राधिकरण दिवस पर प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार और सचिव वान्या सिंह ने समस्याएं सुनी। प्राधिकरण सचिव वान्या सिंह ने बताया कि प्राधिकरण दिवस में 10 शिकायतों में तीन शमन से संबंधित रही।
इन सभी में अनापत्ति को लेकर अवगत करा दिया गया। तीन शिकायतें मानचित्र से संबंधित रही। इनमें एक में आर्किटेक्ट ने नक्शा जमा नहीं कर रखा था, दो में कुछ खामियां होने पर अवगत कराया गया। तीन शिकायतें रजिस्ट्री से संबंधित रहीं, जिनका समाधान करवा दिया गया। साथ ही एक शिकायत खुर्जा में अवैध निर्माण की रही। जिसकी जांच कर सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सहायक अभियंता मोहम्मद सैफुल, अवर अभियंता समेत अन्य प्राधिकरण कर्मी मौजूद रहे।
कोट
प्राधिकरण दिवस में भवन मानचित्र स्वीकृति, शमन मानचित्र, अनापत्ति प्रमाण पत्र और ले-आउट प्लान से जुड़ी सभी तकनीकी व प्रशासनिक समस्याओं को मौके पर सुना गया। सभी समस्याओं को सुन चार का समाधान करवा दिया गया शेष के लिए अवगत कराया गया है। - डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार, प्राधिकरण उपाध्यक्ष