अहार क्षेत्र के गांव औरंगाबाद ताहारपुर मृतक किशोर अंकित का फाइल फोटो।
ऊंचागांव/अहार। खेत की रखवाली के लिए गए किशोर पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने किशोर को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। सोमवार को उपचार के दौरान दिल्ली के अस्पताल में किशोर की मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भी गांव से फरार हो गए।
थाना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद ताहारपुर निवासी 17वर्षीय अंकित बुधवार को अपनी बाइक से खेतों पर धान की रखवाली करने के लिए गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे अज्ञात आरोपियों ने उस पर हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बृहस्पतिवार की सुबह किसानों ने अंकित को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। सोमवार को उपचार के दौरान दिल्ली के अस्पताल में अंकित की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गांव के ही तीन आरोपियों ने रंजिशन अंकित पर धारदार हथियार से हमला किया था। जिसके चलते अंकित के सिर में गंभीर चोट आईं थीं। दिल्ली में ही पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात को शव गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। अंकित की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सामने आया कि गांव के ही कुछ आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद से आरोपी घर से फरार हैं।
प्रकरण में जांच की जा रही है। सोमवार रात तक अंकित का शव घर पहुंचेगा। अभी तक परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी है। शिकायत के आधार पर मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - गिरिजा शंकर त्रिपाठी, सीओ, अनूपशहर