बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा के दौरान सोमवार को नगर के गांधी बाल निकेतन परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी कर रहे शिक्षक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। शिक्षक परीक्षा कक्ष में हस्ताक्षर कर रहे थे, तभी अचानक अचेत होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के नया गांव ख्वाजपुर मीरपुर निवासी सुरेंद्र पाल सिंह (55) गांव स्थित एमएसएस हाईस्कूल में अध्यापक के पद पर तैनात थे। सोमवार को उनकी ड्यूटी नगर के गांधी बाल निकेतन स्कूल में हाईस्कूल की प्रथम पाली की परीक्षा में लगी थी। छात्राओं के अनुसार, सुरेंद्र पाल सिंह परीक्षा कक्ष में बोर्ड संबंधी कागजों पर हस्ताक्षर कर रहे थे। इसी बीच वह अचानक कुर्सी से लुढ़क कर जमीन पर गिर पड़े। कक्ष में मौजूद छात्राओं और साथी स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। नगर कोतवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदयघात बताया जा रहा है।