टैक्स वसूली में फिसड्डी नगर निकायों को दी गई चेतावनी
बुलंदशहर। एडीएम प्रशासन/स्थानीय निकाय प्रभारी अधिकारी रवींद्र कुमार ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कम वसूली वाले निकाय अफसरों को चेतावनी दी है। साथ ही लापरवाही अधिशासी अधिकारियों के पेच भी कसे हैं। वहीं, टैक्स वसूली में तेजी लाने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के जनवरी माह में अभी तक लक्ष्य के सापेक्ष की गई वसूली की समीक्षा की। जिसमें अनूपशहर, जहांगीराबाद, डिबाई, औरंगाबाद, छतारी, पहासू और ककोड़ को छोड़कर अन्य निकायों द्वारा संतोषजनक कार्य न करने पर नाराजगी जताते हुए शत-प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निकायों में लंबित ऑडिट आपत्तियां में एक भी आपत्ति का बुलंदशहर, स्याना, शिकारपुर, गुलावठी, औरंगाबाद, खानपुर, बीबीनगर, नरौरा, छतारी, पहासू और ककोड़ आदि द्वारा निस्तारण न करने पर नाराजगी जताते हुए 15 कार्य दिवस में निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही खुर्जा, जहांगीराबाद व बीबीनगर को अतिक्रमण हटवाने व अवैध निर्माण रोकने के और बुलंदशहर, सिकंदराबाद, स्याना, औरंगाबाद, पहासू व ककोड़ को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए मैटेरियल रिकवरी सुविधा का शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सर्दी से बचाव को गैस अलाव जलाने, फुटपाथ पर सो रहे निराश्रितों को रैन बसेरों में आश्रय देने और बेसहारा गोवंश को पकड़कर आश्रय स्थल में संरक्षित करने के भी निर्देश दिए।