बुलंदशहर डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने अनियंत्रित होकर तीन बाइकों को रौंदते हुए दो कारों में जोरदार टक्कर मारी। दनकौर कोतवाली के मंडी श्यामनगर रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज पर हुए हादसे में बाइक सवार बदन सिंह और सुनील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करन व कमलेश की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई।
हादसे की जांच के लिए गठित होगी कमेटी
दनकौर कोतवाली क्षेत्र के मंडी श्यामनगर स्थित ओवर ब्रिज पर रोडवेज बस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत के मामले में जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं। मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में तकनीकी अधिकारियों के साथ समिति बनाकर हादसे की जांच की जाएगी। रोडवेज बस चालक बीमार था तो उसे ड्यूटी पर क्यों भेजा गया, घटना के समय चालक को क्या परेशानी हुई समेत कई बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
हादसे के बाद दर्शाया गया है कि चालक को दिल से संबंधित कोई परेशानी हुई है। जबकि अस्पताल में डॉक्टरों की जांच में देर रात तक दिल के दौरे जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। वहीं कई यात्रियों का आरोप है कि चालक घटना के बाद बेहोशी का नाटक कर रहा था। जबकि कुछ ने बताया कि वह अर्धबेहोशी की हालत में था और हृदयघात होने की बात बताई थी। कुछ लोग यह भी बता रहे हैं कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी हादसे के कारण की पुष्टि नहीं हो पाई है। उधर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित की जाएगी। उस कमेटी में मजिस्ट्रेट के साथ परिवहन विभाग और रोडवेज निगम के अलावा तकनीक के जानकार अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा। 15 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी।
करन की मौत से गांव में छाया शोक, तय हो गया था रिश्ता
मृतकों में सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव भराना निवासी करन खटाना भी शामिल है। करन की मौत की सूचना से उसके गांव में शोक छा गया। जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। मृतक करन खटाना (24) के माता पिता की मौत हो चुकी है। माता पिता की मौत के बाद से वह दनकौर क्षेत्र के गांव अस्तौली में अपनी बहन रेखा के पास रह रहा था। वह मंडी श्याम नगर स्थित कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
हादसे के समय वह बाइक से फ्लाईओवर पर जा रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित बस की चपेट में आने से कुचल गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पाल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतक का दादरी के पास गांव से रिश्ता भी तय हो गया था। गांव निवासी प्रदीप खटना, संजय, सुशील नागर आदि ने बताया कि करन बहुत ही होनहार और व्यवहार कुशल था। करन की मौत से गांव के लोग दुखी है।
बुलंदशहर डिपो की अनुबंध बस से हुआ हादसा
ग्रेटर नोएडा में उप्र परिवहन निगम की बस के चालक को हार्ट अटैक आने से बेकाबू हुई बस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। संबंधित बस बुलंदशहर डिपो की है और अनुबंध पर संचालित हो रही है। बस का संचालन प्रतिदिन अनूपशहर से नोएडा 37 के लिए होता है। बुधवार को सुबह बस चालक 25 वर्षीय बसरुद्दीन निवासी चिट्टा यात्रियों को लेकर अनूपशहर से नोएडा गया था। बस संचालक रूकमुद्दीन ने बताया कि नोएडा से वापस लौटते समय दोपहर करीब 12:20 पर दनकोर रेलवे स्टेशन के पास पुल से उतरते समय बस चालक बेहोश हो गया।
चालक के बेहोश हो जाने से बस अनियंत्रित हो गई। ऐसे में घटना हो गई। बस को 2014 में अनुबंध कराया था। बस को छोटा भाई पिछले आठ वर्षों से संचालित करता आ रहा है। समय-समय पर मेडिकल जांच भी कराई जाती है। भाई को कोई भी बीमारी नहीं थी। कोई यात्री मिर्गी का दौरा पड़ना बता रहा है तो कोई हार्ट अटैक आने की बात कह रहा है। बुलंदशहर डिपो के एआरएम परमानंद ने बताया कि बस अनुबंध की है और बस चालक के मिर्गी का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस कर रही है। यदि चालक ने बीमारी होना छुपाया है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।