पिछले काफी दिनों से चर्चा में रहे एएसबी इंटर कॉलेज वैर सोमवार को अचानक फिर सुर्खियों में आ गया। छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर निर्धारित फीस से ज्यादा वसूली करने का आरोप लगाते हुए कॉलेज के बाहर सिकंदराबाद-जेवर हाईवे पर जाम लगा दिया। छात्रों के हंगामे की सूचना पर ककोड़ के अलावा, सिकंदराबाद, जंहागीराबाद, चोला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को छात्रों को समझाकर जाम खुलाने में करीब तीन घंटे लगे। पिछले दिनों किसान यूनियन ने एएसबी इंटर कॉलेज वैर की प्रबंधन समिति को बर्खास्त करने की मांग को लेकर कॉलेज के बाहर धरना दिया था। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया था।
सोमवार को कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रबंधन पर निर्धारित फीस से अधिक वसूलने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के बाहर सिकंदराबाद-ककोड़ हाईवे पर सुबह करीब 8.00 बजे जाम लगा दिया।
विद्यार्थियों का कहना था कॉलेज में न तो साइंस लैब है और न ही साइंस पढ़ाने के लिए अध्यापक, वहीं प्रबंधन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक फीस वसूली जा रही है। जाम की सूचना पर ककोड़, सिकंदराबाद, जाहगीरपुर, चोला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों का समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
एसओ ककोड़ महेंद्र सिंह ने फोन से डीएम, डीआईओएस बीना यादव को छात्र-छात्राओं की समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों द्वारा फोन पर समस्या के निस्तारण के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने करीब तीन घंटे बाद 11.00 बजे जाम खोला। जाम से सिकंदराबाद-ककोड़ हाईवे पर दोनों ओर करीब पांच-पांच कि.मी. तक लाइन लग गई। जाम खोलने के घंटो बाद यातायात सुचारु हो सका।