बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी व बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। मंगलवार को कॉलेजों में प्रवेश कराने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे। वहीं, दूसरी ओर अच्छी खबर यह है कि अब पहली मेरिट में शामिल छात्र-छात्राएं 18 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे। सीसीएसयू की ओर से प्रवेश के लिए तिथि बढ़ा दी है। ऐसे में अब उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश अभी तक प्रवेश नहीं ले सके थे।
जिले के 78 कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी व बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीसीएसयू की ओर से 13 जून से शुरू कर दी थी। पहले 31 जुलाई तक प्रवेश के लिए पंजीकरण कराए गए। इसके बाद कॉलेजों ने पहली मेरिट तैयार की और सात जुलाई को जारी कर दी थी।
इसके बाद आठ अगस्त से कॉलेजों में प्रवेश शुरू हो गए। प्रवेश मंगलवार को भी जारी रहे और अब तक करीब 40 फीसदी छात्र-छात्राएं प्रवेश ले चुके हैं। इस बीच छात्र-छात्राओं को सीसीएसयू की ओर से जारी किए गए लिंक में तकनीकी खराबी के चलते कुछ परेशानी का भी सामना करना पड़ा। ऐसे में अभी काफी विद्यार्थी प्रवेश नहीं करा सके। प्रवेश के लिए सीसीएसयू की ओर से 12 अगस्त मंगलवार तक का समय दिया था।
अब चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से पहली मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं को प्रवेश कराने के लिए 18 अगस्त तक का समय दे दिया है।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि सीसीएसयू की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि पहली मेरिट की प्रवेश प्रक्रिया 18 अगस्त तक जारी रहेगी। 14 अगस्त को मूटा का चुनाव होने के कारण प्रवेश प्रक्रिया स्थगित रहेगी।