पूर्व चेयरमैन एवं सराफा व्यापारी अर्जुन कुमार के बेटे बंटी पर हमले के विरोध में शनिवार को सराफा बाजार बंद रहा। उधर, अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती बंटी की हालत गंभीर है। वहीं, कोतवाली निरीक्षक रामेश्वर दयाल ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व चेयरमैन अर्जुन कुमार की सराफा बाजार में दुकान है। उनका बेटा बंटी देर शाम दुकान बंद कर मोहल्ला शेखान स्थित आवास पर आ रहा था। रास्ते में घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दी। बंटी को तीन गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बंटी का अलीगढ़ में नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार बंटी की हालत गंभीर है। सराफा यूनियन के अध्यक्ष महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में शनिवार को बैठक आयोजित कर घटना को लेकर आक्रोश जताया। उधर, सीओ प्रेमप्रकाश यादव का कहना है कि खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई है। पड़ोसी व दुकान की सीसीटीवी फुटेज देखी है। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।