देहात कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गत सात जनवरी की देर रात अरनिया के गांव शेरपुर निवासी बाइक सवार दो युवकों को टैंकर ने टक्कर मार दी। देर रात में ही उपचार के दौरान युवक दीपक की अलीगढ़ हायर मेडिकल सेंटर में मौत हो गई। जबकि, दूसरे की हालत अभी भी गंभीर है। थाना पुलिस ने अब तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली देहात में अरनिया थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर नगला निवासी सोनू सिंह ने बृहस्पतिवार को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि सात जनवरी को उनके भाई दीपक कुमार और रंजीत के साथ बाइक पर सवार होकर गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र से अपने गांव शेरपुर नगला आ रहे थे।
आरोप है कि रात करीब 9 बजे कोतवाली देहात की ठंडी प्याऊ पुलिस चौकी क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में परिजन उन्हें हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर करा कर ले गए।
जहां, देर रात चिकित्सकों ने दीपक कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि रंजीत की हालत चिंताजनक बनी हुई है। देहात पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि टैंकर नंबर के आधार पर आरोपी चालक का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हे।