सिकंदराबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए बीएलओ मतदाता के घर गणना प्रपत्र भरवाने के लिए तीन बार जाएंगे। नहीं मिलने पर ऐसे मतदाताओं का नाम सूची से काट दिया जाएगा। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण की अंतिम तिथि चार दिसंबर है।
एसडीएम दीपक कुमार पाल ने बताया कि वर्ष 2025 की मतदाता सूची के अनुसार सिकंदराबाद विधानसभा में चार लाख दो हजार मतदाता हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अभी तक 1.75 लाख मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा कराए हैं। बताया कि पुनरीक्षण के दौरान बहुत से मतदाता दिए गए पते पर नहीं मिल रहे हैं। इससे कार्य प्रभावित हो रहा है।
बताया कि जो मतदाता दिए गए पते पर नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं का गणना प्रपत्र भरने के लिए बीएलओ दिए गए पते पर तीन बार पहुंचेगा। तीसरी बार भी नहीं मिलने पर ऐसे मतदाताओं को नॉन कलेक्ट सूची में डाल दिया जाएगा। जिससे उनका नाम मतदाता सूची से कट जाएगा।
मंगलवार को एसडीएम ने गुलावठी के विभिन्न गांवों और सिकंदराबाद क्षेत्र में गांव कांवरा, बिलसूरी आदि में जाकर मतदाताओं को जागरूक किया। इसके अलावा नगर क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मुनादी भी कराई जा रही है। एसडीएम ने सभी मतदाताओं से पुनरीक्षण की अंतिम तिथि चार दिसंबर से पहले ही मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के पास जमा कराने की अपील की है।