बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा निवासी संजय कुमार को उनके एक रिश्तेदार ने फर्जी तरीके से प्लाॅट बेच दिया। आरोपी ने पीड़ित से 17 लाख रुपये ले लिए। जब संजय प्लॉट पर कब्जे के लिए पहुंचे तो उन्हें ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने इन्कार दिया और भुगत लेने की धमकी दी।
संजय कुमार ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनका एक रिश्तेदार मेरठ में रहता है। आरोपी रिश्तेदार ने उन्हें बताया कि मेरठ में उनका एक 50 गज का प्लाट है। जिसे वह बेचना चाहते हैं। पीड़ित ने आरोपी के साथ मेरठ जाकर वह प्लाॅट देखा, जिसका सौदा 17 लाख रुपये में तय हुआ। पीड़ित ने जनवरी में बतौर पेशगी पांच लाख रुपये दिए और शेष 12 लाख रुपये मई माह में बैनामा के दौरान दिए थे।
पीड़ित ने बताया कि बीते दिनों वह प्लॉट का चहारदीवारी कराने व कब्जे के लिए मेरठ गए थे। वहां पहुंचने पर एक व्यक्ति ने उन्हें काम करने से रोक दिया। उसने बताया कि वह प्लाॅट उसका है। इसके बाद दस्तावेज देखने व लोगों से पूछताछ के बाद पीड़ित को जानकारी हुई कि आरोपी रिश्तेदार ने धोखाधड़ी कर उनसे रकम हड़प ली है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।