बुलंदशहर। महिला थाना प्रभारी से अभद्रता करने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने जांच रिपोर्ट आने के बाद निलंबित कर दिया है। पूर्व में दोनों पुलिसकर्मियों को इसी प्रकरण में लाइन हाजिर किया गया था।
शनिवार यानि 5 जुलाई की देर शाम को महिला थाना प्रभारी रजनी वर्मा सादी वर्दी में थाने जा रही थीं। रास्ते में दो पुलिसकर्मी सड़क पर ही कार में बैठे थे। महिला थाना प्रभारी द्वारा दोनों पुलिसकर्मियों से कार हटाने के लिए कहा गया, जिस पर वर्दी में मौजूद दोनों पुलिसकर्मी अनुज और रुधन ने अभद्रता करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।
महिला थाना प्रभारी ने तुरंत एएसपी ऋजुल को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुलिसकर्मियों को कार समेत चौकी ले गई। एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को रविवार सुबह लाइन हाजिर कर दिया था और एएसपी को जांच सौंपी थी।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि एएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को महिला थाना प्रभारी से दुर्व्यवहार और पुलिस की छवि खराब करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।