कोल्ड ड्रिंक पीने से एक परिवार के छह लोगों की हालत बिगड़ गई। पड़ोसियों ने उन्हें पास के क्लीनिक पहुंचाया जहां हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें नोएडा रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी नहीं दी गई है।
अलबत्ता मोहल्ले में फूड प्वाएजनिंग को लेकर खासा आक्रोश है। कस्बा स्थित मोहल्ला व्यापारियान निवासी बाबू खां का दामाद नदीम बृहस्पतिवार सुबह बाजार की एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक की एक लीटर की बोतल खरीदकर लाया। करीब दस बजे घर में कोल्ड ड्रिंक सर्व की गई।
कुछ देर बाद बाबू की पत्नी नसीम, बेटे आसिफ की पत्नी शहाना, बेटी तबस्सुम, अफसाना, तरन्नुम और दामाद नदीम बेहोशी की हालत में आ गए। एक दूसरे की हालत देख उनमें चीख-पुकार मच गई। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े।
आनन-फानन उन्हें पास के ही निजी क्लीनिक पर पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते डॉ. विनोद कुमार तेवतिया ने उन्हें नोएडा के कैलाश अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान क्लीनिक पर भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंचे सभासद बालेंदु कौशिक ने एंबुलेंस बुलवाकर सभी पीड़ितों को नोएडा भिजवाया। उन्होंने कोल्ड ड्रिंक की जांच और दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जहरीली हो गई थी कोल्ड ड्रिंक
पीड़ितों का सबसे पहले इलाज करने वाले डॉ. विनोद कुमार तेवतिया ने बताया कि बेहोशी की वजह कोल्ड ड्रिंक का जहरीला होना है। ऐसा एक्सपायरी डेट पार कर जाने या फिर फंगस के इनफेक्शन के चलते हो सकता है। यह जांच का विषय है।
कोल्ड ड्रिंक पीने से छह लोगों की हालत बिगड़ने की घटना संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी। -उमेश पचौरी,एसओ