बुलंदशहर। जिले में बृहस्पतिवार का दिन हादसों के नाम रहा। अलग-अलग दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कुडवल बनारस गांव में अनियंत्रित स्कॉर्पियों ने सीआईएसएफ के दरोगा और एक युवक को कुचल दिया। सिकंदराबाद में काम की तलाश में आए दो युवकों की मौत हो गई। खुर्जा में सिकंदराबाद मार्ग पर बाइक सवार हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। अरनिया में कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई। कुड़वल बनारस गांव में लोगोंं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगाया। स्कॉर्पियो पर पथराव किया।
केस-1
कुड़वल बनारस गांव में एसआई और युवक को कार ने कुचला, हंगामा पथराव
बुलंदशहर। दुकान के बाहर खड़े बाइक पर सामान बांध रहे सीआईएसएफ के दरोगा और दुकान के पास खड़े युवक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियों चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दरोगा और युवक दोनों की मौत हो गई। मौके पर मौजूद मालागढ़ निवासी संजीव और रिंकू घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने स्कॉर्पियों पर पथराव किया और जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने समझाकर शांत कराया। वहीं, ग्रामीण शराब का ठेका हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे।
नगर के मोहल्ला गिरधारी नगर निवासी अशोक कुमार (50) सीआईएसएफ में दरोगा थे। वह छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे वह कोतवाली देहात क्षेत्र के कुड़वाल बनारस स्थित एक दुकान से समोसे और अन्य सामान लेने बाइक पर आए थे। दुकानदार ने बताया कि अशोक सामान खरीदकर अपनी बाइक पर बांध ही रहे थे, तभी गुलावठी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दरोगा को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने वहीं मौजूद कुड़वाल बनारस निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में दोनों लोगों की मौत हो गई। घायल चालक का पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है। उसके दो साथी फरार हैं। गुस्साए लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ करते हुए हंगामा किया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने जाम लगाने का भी प्रयास किया। उनकी पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। हादसे में संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। रिंकू भी मामूली घायल हुआ। उनके ऊपर समोसे का खौलता हुआ तेल पड़ा। रिंकू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
उधर लोगों ने गांव से शराब का ठेका हटाने को लेकर अधिकारियों का घेराव किया। ठेका हटाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चालक का पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
केस-2
सिकंदराबाद काम की तलाश में आए दो युवकों की मौत, एक घायल
सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार की देर रात हुए सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि किसी अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे तीन युवकों को टक्कर मार दी है। टक्कर लगने से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जनपद शाहजहांपुर गांव नगला तलुआ खंडेर निवासी श्याम सुंदर (25) व संजू (22) को मृत घोषित कर दिया। घायल रोहित का उपचार चल रहा है।
बताया कि तीनों युवक काम की तलाश में शाहजहांपुर से सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र आए थे। उनके रिश्तेदार धनवीर गोपालपुर सरकारी कॉलोनी में रहते हैं। देर रात बस से उतरने के बाद वे पैदल ही रिश्तेदारों के पास गोपालपुर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से भाग गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। धनवीर ने बताया कि वह अपने बहनोई बसंत के साथ गोपालपुर की सरकारी कॉलोनी में रहता है। मृतक श्याम सुंदर उनका भतीजा और संजू भांजा था। वे दोनों गांव में खेती करते थे और नौकरी के लिए ही सिकंदराबाद आए थे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
केस-3
सड़क हादसे में बाइक सवार की हेड कांस्टेबल की मौत
खुर्जा। सिकंदराबाद मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार दिल्ली पुलिस की हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
देहात थाना प्रभारी ने बताया कि जमालपुर गांव निवासी दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात योगेश (35) दिल्ली में ही अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार को वह बाइक से किसी काम से अपने गांव आए थे। बृहस्पतिवार सुबह बाइक से खुर्जा नगर आए थे। वहां से गांव लौट रहे थे।
सिकंदराबाद मार्ग पर गांव के पास ही उनकी बाइक अज्ञात कारणों से अनियंत्रित हो गई और वह पेड़ से टकरा गए। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। तभी परिजनों ने उनको कैलाश अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
केस-4
ओवरटेक करने के चलते डिवाइडर से टकराई कार युवक की मौत
खुर्जा। एनएच 34 पर अरनिया थाना क्षेत्र के मुनी गांव के पास ओवरटेक करते हुए कार अनियंत्रित हो कर डिवाइडर से टकरा गई। इसमें कार सवार युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के परिजनों सूचना दी।
अरनिया थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे सूचना मिली कि मुनी गांव स्थित फ्लाईओवर पर हादसा हो गया है। सूचना पुलिस टीम मौके पहुंची ने जांच पड़ताल की तो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार ओवरटेक करते हुए डिवाइडर से टकरा गई थी। कार सवार युवक लहूलुहान था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त दस्तावेजों से युवक की पहचान बिहार के जनपद रोहतास लडूई गांव निवासी अंकुश कुमार (24) के रूप में हुई। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने बताया कि अंकुश गाजियाबाद से फर्रुखाबाद की ओर जा रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कुडवल बनारस में हुए हादसे में मृतक जितेंद्र का फाइल फोटो।
कुडवल बनारस में हुए हादसे में मृतक जितेंद्र का फाइल फोटो।
कुडवल बनारस में हुए हादसे में मृतक जितेंद्र का फाइल फोटो।